Search This Blog

Monday, July 22, 2019

स्वास्थ्य का आधार : पथ्य – अपथ्य विवेक


पथ्ये सति गदार्तस्य किमौषधनिषेवणै: |
पथ्येऽसति गदार्तस्य किमौषधनिषेवणै: ||

पथ्य हो तो औषधियों के सेवन की क्या आवश्यकता है ? पथ्य न हो तो औषधियों का कोई फल ही नहीं है | अत: सदैव पथ्य का ही सेवन करना चाहिए |

पथ्य अर्थात हितकर | हितकर का सेवन व अहितकर-अहितकर का त्याग करने हेतु पदार्थो के गुण-धर्मो का ज्ञान होना आवश्यक है |

चरक संहिता के यज्ज: पुरुषीय अध्याय में ऐसे हितकर-अहितकर पदार्थो का वर्णन करते हुए श्री चरकाचार्यजी कहते हैं : धान्यों में लाल चावल, दालों में मूँग, शाकों में जीवंती (डोडी), तेलों में तिल का तेल, फलों में अंगूर, कंदों में अदरक, नमकों में सैंधव (सेंधा ) व जलों में वर्षा का जल स्वभाव से ही हितकर हैं |

·    जीवनीय द्रव्यों में देशी गाय का दूध, रसायन द्रव्यों में देशी गोदुग्ध-गोघृत का नित्य सेवन, आयु को स्थिर रखनेवाले द्रव्यों में आँवला, सदा पथ्यकर द्रव्यों में हर्रे (हरड), बलवर्धन में षडरसयुक्त भोजन, आरोग्यवर्धन में समय पर भोजन, आयुवर्धन में ब्रह्मचर्य, थकान दूर करने में स्नान, आरोग्यवर्धक भूमि में मरुभूमि व शारीरिक पुष्टि में मन की शांति सर्वश्रेष्ठ है |

·     सर्व रोगों के मूल आम ( अपक्व आहाररस ) को उत्पन्न करने में अधिक भोजन, रोगों को बढ़ाने में दुःख, बल घटाने में एक रसयुक्त भोजन, पुंसत्वशक्ति घटाने में नमक का अधिक सेवन मुख्य कारण है |

·       अनारोग्यकर भूमि में समुद्र-तट का प्रदेश व पूर्णत: अहितकर कर्मों में अत्यधिक परिश्रम प्रमुख है |

अपना कल्याण चाहनेवाले बुद्धिमान मनुष्य को हित-अहित का विचार करके हितकर का ही सेवन करना चाहिए |


ऋषिप्रसाद – जुलाई २०१९ से


No comments: